- globalnewsnetin
19 जुलाई को कुरुक्षेत्र के सरस्वती वन में मनाया जाएगा 73वां वन महोत्सव

हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल होंगे वन महोत्सव में मुख्यातिथि
वन विभाग ने इस बार 2 करोड़ पौधे लगाने का लिया लक्ष्य, 30 लाख पौधे लोगों को बांटे जाएंगे निशुल्क
चंडीगढ़ (अदिति) – हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल की प्रेरणा से आगामी 19 जुलाई 2022 को कुरुक्षेत्र के सरस्वती वन में 73वां वन महोत्सव मनाया जाएगा। इसकी अध्यक्षता वन मंत्री श्री कंवर पाल करेंगे। कार्यक्रम में खेल मंत्री श्री संदीप सिंह व अन्य अतिथि भी शिरकत करेंगे। वन विभाग ने इस बार 2 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य लिया है। इनमें 30 लाख पौधे हरियाणा की जनता को निशुल्क उपलब्ध करवाए जाएंगे।
वन मंत्री श्री कंवर पाल ने बताया कि आगामी 19 जुलाई को कुरुक्षेत्र की धरती पर 73वां वन महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। विभाग ने इस वर्ष 2 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य लिया है। इसमें से 40 लाख पौधे कृषि वानिकी के तहत, 29 लाख जल शक्ति अभियान के तहत, 19 लाख पौधे पौधगिरी स्कीम के तहत रोपित किए जाएंगे। इसके साथ-साथ 30 लाख पौधे हरियाणा की जनता को भी निशुल्क उपलब्ध करवाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि बचे हुए 82 लाख पौधे अन्य स्कीमों के तहत राज्यभर में रोपित किए जाएंगे।
अमृत सरोवर अभियान के तहत 22 जिलों के 2200 तालाबों पर लगेंगे बड़, पीपल के पौधे
वन एवं वन्यजीव विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री अपूर्व कुमार सिंह ने बताया कि अमृत सरोवर अभियान के तहत हरियाणा के 22 जिलों के 2200 तालाबों पर बड़, पीपल, नीम व पिलखन के पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि कालका से कलेसर तक 150 किलोमीटर लम्बी नेचर ट्रेल विकसित की जा रही है, क्योंकि मनुष्य को सबसे ज्यादा सुकून प्रकृति की गोद में ही प्राप्त होता है। यह कार्य इसी वित्तीय वर्ष के में पूरा कर लिया जाएगा। इसके साथ-साथ नगरों व कस्बों में प्रदूषण को रोकने के लिए सजावटी तथा छायादार वृक्षों को भी लगाया जाएगा।