top of page
  • globalnewsnetin

खिलाड़ियों के समर्थन में आगे आए भूपेंद्र सिंह हुड्डा


चंडीगढ़ः पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा भारतीय कुश्ती महासंघ के खिलाफ धरना प्रदर्शन कर रहे खिलाड़ियों के समर्थन में आगे आए हैं। हुड्डा का कहना है कि बेहद दुर्भाग्य और शर्म की बात है कि देश का गौरव हमारे खिलाड़ियों को आज सड़कों पर धरना देना पड़ रहा है। भारतीय कुश्ती महासंघ के अधिकारियों पर लगे आरोप गंभीर व चिंताजनक हैं। इनकी निष्पक्ष व पारदर्शी जांच कराकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करे सरकार। उन्होंने आगे कहा कि जिन खिलाड़ियों को पूरा देश पलकों पर बैठाता है, उन्हें भी धरने पर बैठने के लिए मजबूर किया जा रहा है। महिला पहलवानों द्वारा कुश्ती महासंघ और उसके अध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इसलिए बिना देरी के कुश्ती महासंघ को बर्खास्त करके सभी आरोपियों को जांच के दायरे में लाया जाए।

भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि निश्चित तौर पर ये तमाम पहलवान देश के खिलाड़ी हैं। लेकिन प्रदेश सरकार को यह भी याद रखना चाहिए कि ज्यादातर खिलाड़ी हरियाणा से संबंधित हैं। इनके अधिकारों को संरक्षण देना और इनके हक में आवाज उठाना प्रदेश सरकार की जिम्मेदारी है। लेकिन इस मामले में हरियाणा सरकार की चुप्पी बेहद निराशाजनक है। यौन उत्पीड़न जैसे मामलों में हर बार प्रदेश सरकार चुप्पी साध लेती है। वह चाहे प्रदेश के खेल मंत्री के ऊपर लगे आरोप हों या फिर भारतीय कुश्ती महासंघ पर लगे आरोप।

0 comments
bottom of page