top of page
  • globalnewsnetin

हिमाचल वन विभाग ने मुख्यमंत्री को राज्य आरइडीडी कार्य योजना प्रस्तुत की


उत्साह और जोश के साथ मनाया गया मुख्यमंत्री का जन्मदिवस

शिमला (अच्युत धवन) हिमाचल के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर का 56वां जन्मदिवस आज यहां पूरे उत्साह और जोश के साथ मनाया गया। समाज के सभी वर्गों के लोग मुख्यमंत्री के सरकारी आवास ओक ओवर में एकत्रित हुए और उन्हें स्वस्थ जीवन और दीर्घायु की शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी और राज्य रेडक्राॅस अस्पताल कल्याण शाखा की अध्यक्षा डाॅ. साधना ठाकुर भी इस अवसर पर उपस्थित थीं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, केंद्रीय मंत्रियों, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भी मुख्यमंत्री को दूरभाष के माध्यम से जन्मदिवस की बधाई दी। प्रदेश मंत्रिमंडल के सदस्य, विधायक, विभिन्न बोर्डों तथा निगमों के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष, वरिष्ठ नागरिक एवं पुलिस अधिकारी तथा प्रदेश के विभिन्न भागों से आये लोग भी इस अवसर पर उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर ओक ओवर में रूद्राक्ष का पौधा भी रोपित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वन विभाग का प्रदेश के वनों की मनमोहक छवि को दर्शाता वाॅल केलेंडर-2021 और प्रदेश के औषधीय पौधों के बारे में जागरूकता उत्पन्न करने के विषय पर आधारित टेबल केलेंडर भी जारी किया। जय राम ठाकुर को राज्य आरईडीडी कार्य योजना प्रस्तुत की, जिसके तहत पांच वर्षों में 102 करोड़ रुपये की योजना कार्यान्वित होगी। विकासशील देशों में यूएनएफसीसीसी के वनोन्मूलन व वन क्षरण, वन कार्बन भंडारण का संरक्षण, वनों का सतत प्रबंधन और वन कार्बन भंडारण में वृद्धि के कार्यक्रम को आरइडीडी नाम से जाना जाता है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विकासशील देशों में वन संरक्षण को प्रोत्साहित कर जलवायु परिवर्तन कम करना है। मुख्यमंत्री ने प्रधान मुख्य अरण्यपाल डाॅ. सविता द्वारा लिखित पुस्तक लीडरशिप इन फाॅरेस्ट मेनेजमेंट का भी विमोचन किया। यह पुस्तक बहुविध विषय जैसे वानिकी में नेतृत्व के आवश्यक पहलुओं पर केंद्रित है। जल शक्ति मंत्री महेन्द्र सिंह ठाकुर भी इस अवसर पर उपस्थित थे। वन, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री राकेश पठानिया ने मुख्यमंत्री को तुलसी का पौधा भेंट किया। अतिरिक्त मुख्य सचिव वन आरडी धीमान और प्रधान मुख्य अरण्यपाल डाॅ. सविता भी इस अवसर पर उपस्थित थीं।

0 comments
bottom of page