top of page
  • globalnewsnetin

इनेलो की ओर से आने वाले विधानसभा चुनाव में 50 फीसदी टिकट युवाओं को दी जाएगी


सिरसा: इनेलो के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव चौधरी अभय सिंह चौटाला की परिवर्तन पदयात्रा आज 101वें दिन रानियां विधानसभा क्षेत्र में पहुंची। इस दौरान लोगों ने गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया। 42 डिग्री तापमान भी इस यात्रा में हर रोज हजारों की भीड़ उमड़ रही है। अपने दर्द की परवाह किए बगैर अभय चौटाला लोगों का दर्द बांटने के लिए उनके बीच जा रहे हैं और उनकी समस्याओं को गौर से जान रहे हैं। यात्रा के 101वें दिन रविवार को ऐलनाबाद शहर के अलावा हलके के ढाणी बच्चन सिंह, ढाणी मौजू, तलवाडा व दया सिंह थेहड़ में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इनेलो की ओर से आने वाले विधानसभा चुनाव में 50 फीसदी टिकट युवाओं को दी जाएगी। युवा विधानसभा में पहुंचेंगे और इस प्रदेश के हित में नीतियां बनाएंगे।

इनेलो नेता ने कहा कि आज हरियाणा में 1987 जैसी लहर चल रही है। प्रदेश की जनता इस बार भी 87 की तरह अपना भारी समर्थन इनेलो को देगी। फिर से वही सुशासन का दौर आएगा और प्रदेश विकास की पटरी पर दौड़ेगा। इनेलो नेता ने कहा कि आज परिवार पहचान पत्र की आड़ में लाखों परिवारों के पीले राशन कार्ड काट दिए गए। बजुर्गों की पैंशन भी काट दी गई। अब सरकार ने एक नया तुगलकी फरमान जारी कर दिया है कि जिन परिवारों के बैंक में खाते हैं, आधार कार्ड से लिंक करवाए। ऐसा न करने पर 10-10 हजार रुपए जुर्माना भरना पड़ेगा। आधार कार्ड लिंक करवाने के नाम पर 1100 रुपए फीस ली जा रही है। एक गरीब आदमी कैसे इतनी रकम भरेगा? इस बात का कोई जवाब अधिकारियों के पास नहीं है।

उन्होंने कहा कि किसान को कमजोर करने के लिए नए-नए कानून बनाए जा रहे हैं। इनेलो नेता का कहना है कि उनकी यात्रा को 100 दिन पूरे हो चुके हैं। इस दौरान 52 विधानसभा क्षेत्रों को कवर करते हुए उन्होंने 1000 गांवों में जाते हुए करीब 2100 किलोमीटर पैदल चलकर आपके बीच पहुंचा हूं। प्रत्येक गांव में हर वर्ग इस भाजपा गठबंधन सरकार से हताश और परेशान है। उन्होंने कहा कि अब तक लाखों लोग उनकी यात्रा का हिस्सा बन चुके हैं। अब हरियाणा में बदलाव आना निश्चित है। प्रदेश में बदलाव आएगा तो सभी वर्गों को राहत दी जाएगी। उन्होंने कहा कि 24 सितंबर को उनकी यह यात्रा कुरुक्षेत्र में पहुंचेगी और 25 सितंबर को चौधरी देवीलाल के जन्मदिवस पर कुरुक्षेत्र में एक ऐतिहासिक रैली की जाएगी। इस सम्मान दिवस समारोह में विपक्ष के कई बड़े नेता शिरकत करेंगे।

अभय चौटाला ने सभी के प्रति आभार जताया और कहा कि इनेलो की हरियाणा परिवर्तन पदयात्रा को हर वर्ग ने अपनी यात्रा मानते हुए बदलाव का संकल्प ले लिया है। उन्होंने कहा कि इनेलो का एकमात्र ध्येय सत्ता प्राप्ति नहीं बल्कि सत्ता को जनसेवा का माध्यम मानते हुए प्रदेश को नई दिशा देना और जननायक चौधरी देवी लाल के सपनों को साकार रूप देना है। उन्होंने अपने संबोधन में ग्रामीणों से कहा कि भाजपा सरकार सबसे बड़ी जनविरोधी पार्टी है। भाजपा सरकार देश और प्रदेश को दोनों हाथों से लूट रही है। उन्होंने कहा कि पदयात्रा से हरियाणा में तो बदलाव का माहौल बना ही है, साथ ही इनेलो के कार्यकर्ताओं में भी जोश पैदा हो रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों के इसी समर्थन और सम्मान को देखते हुए वे बड़े दावे के साथ ये बात कह सकते हैं कि आने वाला समय निश्चित तौर पर इनेलो का ही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की भाजपा गठबंधन सरकार ने झूठ और फरेब की राजनीति करके पूरे प्रदेश को विनाश की ओर धकेल दिया है मगर अब लोग इस गठबंधन सरकार से बदला लेने का मन बना चुके हैं, जिससे साफ जाहिर है कि आने वाले चुनावों में न केवल भाजपा-जजपा का सफाया हो जाएगा बल्कि प्रदेश के हित के लिए लोग इनेलो की ही सरकार बनाएंगे।

अभय चौटाला ने कहा कि प्रदेश की गठबंधन सरकार का दोगला चेहरा लोगों के सामने आ गया है। सरकार ने गरीबों के राशनकार्ड काट दिए। बीपीएल परिवारों को मिलने वाली सुविधाओं में रोड़े अटका दिए हैं। प्रदेश की इस गठबंधन सरकार ने विकास की बजाए लोगों से फरेब किया है। उन्होंने कहा कि लोगों को अब इनेलो के शासनकाल की याद आने लगी है और लोग अब प्रदेश में बड़ा बदलाव लाना चाहते हैं। इनेलो के शासनकाल में सरकार जनता के द्वार पर होती थी और चौधरी ओम प्रकाश चौटाला मौके पर ही जनता की समस्याओं का निपटारा करते थे। अब तो देश और प्रदेश का हर वर्ग दुखी है और अपने हक अधिकार के लिए सरकार के समक्ष आवाज उठा रहा है। अभय सिंह चौटाला ने दावा किया कि हरियाणा में शुरूआत हुई इस बदलाव की आंधी से निश्चित तौर पर देश और प्रदेश में बड़ा बदलाव आएगा।

bottom of page