top of page
  • globalnewsnetin

ऑस्ट्रेलिया में 28 से 30 अप्रैल तक होंगे अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के कार्यक्रम


चंडीगढ़ (अदिति) - हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल के प्रयासों के फलस्वरूप धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में मनाए जाने वाले गीता जयंती समारोह को पिछले सात वर्षों से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मनाया जा रहा है और इसी कड़ी में इस वर्ष 28 से 30 अप्रैल, 2023 को आस्ट्रेलिया में बड़े स्तर पर आयोजित किया जा रहा है, जिसमें देश-विदेश की धार्मिक और सामाजिक संस्थाएं पवित्र ग्रंथ गीता के उपदेशों पर मंथन करेंगी।

एक सरकारी प्रवक्ता ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि आस्ट्रेलिया में गीता महोत्सव के दौरान ऑस्ट्रेलिया की संसद में एवं अन्य स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। भगवत गीता संदेश को लेकर बड़ा सेमिनार भी आयोजित होगा। गीता महोत्सव के सफल आयोजन के लिए ऑस्ट्रेलिया की लगभग 70-80 संस्थाएं मिलकर यह महोत्सव आयोजित कर रही हैं और हरियाणा सरकार व कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड का प्रोत्साहन उनके साथ है।

प्रवक्ता ने बताया कि 28 से 30 अप्रैल तक आयोजित होने वाले 3 दिवसीय उत्सव से पहले आज बड़े पैमाने पर चित्रकला, गीता पाठ, निबंध लेखन और रंग भरने की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। सामूहिक रूप से इन प्रतियोगिताओं में 250 से अधिक व्यक्तियों की शानदार भागीदारी रही। प्रतियोगिता में सभी आयु वर्ग के कलाकारों और प्रतिभागियों ने भाग लिया।


आईजीएम 2023 के कार्यक्रम संयोजक और ऑस्ट्रेलिया में हरियाणवी संघ के अध्यक्ष श्री सेवा सिंह ने कहा कि विजेताओं को भागीदारी प्रमाण पत्र और पुरस्कार 30 अप्रैल, 2023 को सिडनी में अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय गीता संगोष्ठी के दौरान दिए जाएंगे।


कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा के अनुसार अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव भारत से बाहर अन्य देशों में मनाया जाए जिससे भगवत गीता को वैश्विक पहचान मिले और यह विश्व के सामने आ सके। इससे पहले मॉरिशियस, इंग्लैंड और कनाडा में भी गीता महोत्सव हो चुके हैं और अब चौथा अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव आस्ट्रेलिया में हो रहा है।

0 comments
bottom of page