top of page
  • globalnewsnetin

धरती माता भाजपा को कभी माफ नहीं करेगी- कुमारी सैलजा


हिसार (ग्लोबल न्यूज़) हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि यह धरती हमारी माता है। जो अपनी माता को भूल जाता है वह सबसे बड़ा अपराध होता है। भाजपा आज के दिन यही अपराध कर रही है। धरती माता कभी भाजपा को माफ नहीं करेगी। किसान और मजदूर देश की रीढ़ है। अगर किसान और मजदूर कमजोर होगा तो देश आगे नहीं बढ़ सकता।

यह बातें हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने हिसार स्थित बाड़ो पट्टी टोल प्लाजा और जींद स्थित नरवाना टोल प्लाजा पर कृषि विरोधी काले कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसानों के बीच कहीं।

कुमारी सैलजा ने कहा कि इस सरकार के काले कानूनों के खिलाफ आज इस कड़कड़ाती ठंड में किसान और मजदूर सड़कों पर बैठने के लिए मजबूर हो गए हैं। यह कोई राजनीतिक आंदोलन नहीं है। जैसा कि भाजपा भ्रम फैला रही है। किसान और मजदूर अपना नफा नुकसान जानते हैं। यह लोगों का अपना जन आंदोलन है। कांग्रेस राजनीतिक पार्टी होने के नाते अपना फर्ज निभा रही है और इन कृषि विरोधी काले कानूनों के खिलाफ राजनीतिक लड़ाई लड़ रही है। श्री राहुल गांधी जी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी लगातार इन कृषि विरोधी काले कानूनों के खिलाफ संघर्ष कर रही है।

कुमारी सैलजा ने कहा कि कल भी श्री राहुल गांधी जी ने कहा कि इन कानूनों से केवल किसान और मजदूर नहीं हमारे देश की पूरी अर्थव्यवस्था नष्ट हो जाएगी। केवल प्रधानमंत्री के कुछ चुनिंदा मित्रों को ही इनका फायदा मिलेगा। बड़ी-बड़ी कंपनियां आएंगी तो इन कंपनियों के सामने किसान और मजदूर नहीं टिक पाएंगे। जो एक कंपनियां कहेंगी, वही होगा। राशन की दुकानों में जो गरीबों को राशन मिलता है, वह नहीं मिल पाएगा।

कुमारी सैलजा ने कहा कि हमारे समय में भी किसान और मजदूर अपनी मांग रखते थे। उनकी बात सुनी जाती थी और पूरी भी की जाती थी। लेकिन इस भाजपा सरकार का अहंकार आसमान पर है। यह कहते हैं कि हम झुकेंगे नहीं। यह कहना कि झुकेंगे नहीं, यह अहंकार है। यदि किसान और मजदूर दुखी होगा तो भाजपा सरकारों के दिन भी लद जाएंगे।

इस दौरान उनके साथ हरियाणा कांग्रेस महासचिव डॉ. अजय चौधरी, हरियाणा कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता बजरंग दास गर्ग, हरियाणा लीगल डिपार्टमेंट के चेयरमैन लाल बहादुर खोवाल, कांग्रेस नेता भूपेंद्र गंगवा, रामनिवास राड़ा, राजेंद्र सूरा, जगन्नाथ, बाला देवी खेदड़, वीरमति, शैलेश वर्मा, होशियारी लाल शर्मा, सुभाष जोधपुरिया, अश्वनी शर्मा समेत अन्य नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।


0 comments
bottom of page