top of page
  • globalnewsnetin

भाजपा के कुशासन में युवाओं का जीवन हो रहा है बर्बाद - कुमारी सैलजा


चंडीगढ़: भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की महासचिव एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा ने कहा कि केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार की कुनीतियों के कारण आज देश एवं प्रदेश में बेरोज़गारी व महंगाई बढ़ती जा रही है। सरकार का हर साल दो करोड़ नौकरियां देने का वादा भी जुमला ही साबित हुआ है। प्रदेश में दो लाख सरकारी नौकरियों के पद खाली पड़े हैं, लेकिन सरकार रिक्त पदों पर भर्ती नहीं कर रही है। आज महंगाई आसमान छू रही है। आम जनता का सब्जी, फल समेत अन्य चीजें खरीदना भी मुश्किल हो रहा है।


यह बातें कुमारी सैलजा ने शुक्रवार को कालका के पिंजौर, पंचकूला के बरवाला और नारायणगढ़ में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहीं। सम्मेलन के जरिए कुमारी सैलजा ने कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने और कांग्रेस पार्टी को बूथ स्तर पर मजबूत करने को लेकर पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की।


अपने संबोधन में कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा सरकार हर तरह से प्रदेश के युवाओं के साथ धोखा कर रही है। सरकारी नौकरियों की आस लगाए बैठे प्रदेश के युवा रिक्त पदों की भर्ती के लिए पेपर देते हैं और फिर पेपर लीक हो जाता है। इसके बाद भर्ती निरस्त कर दी जाती हैं। सरकार के पास नौकरियां देने का कोई सिस्टम नहीं है।


पूर्व केंद्रीय मंत्री ने तीखा हमला करते हुए कहा कि भाजपा सरकार हरियाणा के युवाओं के लिए अभिशाप साबित हुई है। हरियाणा की बेरोजगारी दर पूरे देश में सबसे अधिक है। इस सरकार में हरियाणा प्रदेश बेरोजगारी का हब बन गया है। आज प्रदेश के 25 लाख युवा बेरोज़गार हैं। उनके लिए न सरकारी नौकरी है और न ही प्राइवेट नौकरी है। उन्होंने कहा कि इस सरकार के कुशासन में युवाओं का जीवन बर्बाद होता जा रहा है।


कुमारी सैलजा ने कहा कि इस सरकार के राज में महंगाई ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। सब्जियों से लेकर मसालों और फलों के दाम आसमान छू रहे हैं, मगर सरकार को आम जनता की पीड़ा से कोई लेना देना नहीं है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की सस्ती दरों का फायदा सरकार आम जनता को नहीं दे रही है। पेट्रोल-डीजल को महंगे दामों पर बेचकर मुनाफाखोरी की जा रही है। रसोई गैस सिलेंडर के दाम भी एक हजार को पार कर गए हैं।


कुमारी सैलजा ने कहा कि प्रदेश सरकार ने आज जनता को लाइनों में लगाकर खड़ा कर दिया है। जनता को परिवार पहचान पत्र, प्रॉपर्टी आईडी, मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल के नाम पर प्रताड़ित किया जा रहा है और उन्हें उनके हकों से वंचित किया जा रहा है। प्रदेश के किसान और कर्मचारी लगातार अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर हैं। मगर सरकार उनकी मांगों को अनसुना कर रही है।


कुमारी सैलजा ने भाजपा के कुशासन में फैले भ्रष्टाचार पर रोशनी डालते हुए कहा कि भाजपा के कुशासन में भ्रष्टाचार अपनी जड़ें फैलाता जा रहा है। हर नया प्रोजेक्ट भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाता है और सरकार को अपनी तारीफों के पुल बांधने से फुर्सत नहीं है।


कुमारी सैलजा ने कहा कि इस सरकार से आज प्रदेश के सभी वर्ग त्रस्त हैं। कांग्रेस पार्टी को इस सरकार की नाकामियों को आम जनता तक पहुंचाना है। पार्टी के नेता व कार्यकर्ता इस सरकार की नीतियों की पोल जनता के बीच खोलें। श्रीमती सोनिया गांधी जी, कांग्रेस अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खरगे जी, श्री राहुल गांधी जी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी हर वर्ग की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ रही है।


इस दौरान हरियाणा कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष रामकिशन गुर्जर जी, विधायक प्रदीप चौधरी जी, पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्रमोहन बिश्नोई जी, हरियाणा महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुधा भारद्वाज जी, पूर्व विधायक रिशाल सिंह जी, मनवीर कौर गिल जी, प्रताप चौधरी जी, बलजीत कौशिक जी, उपेंद्र आहलूवालिया जी, संजीव भारद्वाज जी, निलय सैनी जी, सुरेश यूनिसुपर जी, योगेश ढींगरा, राजेश पुरखासिया जी, जिला परिषद अध्यक्ष सुनील शर्मा जी, जिला परिषद सदस्य अश्विनी नागरा जी, जिला परिषद सदस्य माला नागरा जी, बलजीत शर्मा जी, श्रवण कुमार जी, शशि शर्मा जी, पूजा रानी जी, एसपी अरोड़ा जी, नरेश मान जी, रणधीर राणा जी, धनेंद्र वालिया जी, कमलेश शर्मा जी, नायब चौधरी जी, राजेश पहलवान जी, प्रियंका हुड्डा जी, प्रदीप गुर्जर जी, अभिषेक सैनी, गौरव ढींगरा, अनिल शर्मा जी, तोताराम कोहली जी, सुषमा खन्ना जी, अजय सिंगला जी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।

bottom of page