top of page
  • globalnewsnetin

कंवरदीप कौर ने संभाला चंडीगढ़ की नई एस एस पी का पदभार


हरियाणा कैडर की महिला आई पी एस मनीषा चौधरी को चंडीगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का पदभार सौंपने पर चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के बीच शुरू हुआ हरियाणा-पंजाब का विवाद आखिर समाप्त हो गया है। पंजाब कैडर की वर्ष 2013 बैच की आई पी एस अधिकारी कंवरदीप कौर ने चंडीगढ़ की नई एस एस पी का पदभार संभाल लिया है। पदभार संभालते ही उन्होंने आज सुबह सेक्टर 9 स्थित पुलिस हैडक्वार्टर में अन्य पुलिस अधिकारीयों के साथ मीटिंग ली। हाल ही में उन्हें चंडीगढ़ का नया एस एस पी नियुक्त किया गया था क्योंकि 2 दिसंबर को पूर्व एस एस पी कुलदीप सिंह चहल को तत्काल प्रभाव से हटाए जाने के बाद से यह पोस्ट खाली थी।

पंजाब ने ये पद हरियाणा के अधिकारी को देने पर आपत्ति जताई जबकि श्री पुरोहित ने कहा था कि इस मुद्दे को हरियाणा-पंजाब का मुद्दा बनाने की जरूरत नहीं है क्योंकि मनीषा चौधरी को अस्थाई चार्ज दिया गया है। देश के गृह मंत्री अमित शाह के सामने भी भगवंत मान ने ये मुद्दा रखा तो उस मुलाकात के अगले ही दिन पंजाब कैडर की वर्ष 2013 बैच की आई पी एस अधिकारी कंवरदीप कौर के चंडीगढ़ में प्रतिनियुक्ति के आदेश जारी हो गए।

कंवरदीप इससे पहले फिरोजपुर जिले की एस एस पी थी और अब वह चंडीगढ़ में 3 साल तक अपनी सेवाएं देंगी। इससे पहले वर्ष 2008 बैच की पंजाब कैडर की महिला आई पी एस अधिकारी नीलांबरी विजय जगदाले (2008 बैच) वर्ष 2017 से 2020 तक चंडीगढ़ में एस एस पी तैनात रही थी।

0 comments
bottom of page