top of page
  • globalnewsnetin

मध्य जनवरी से हरियाणा में शुरू होगी कांग्रेस संदेश यात्रा: कुमारी सैलजा


रोहतक: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय महासचिव, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हरियाणा कांग्रेस कमेटी की पूर्व प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि देश की सबसे बड़ी पंचायत संसद में लोकतंत्र का हनन हो रहा है, जहां पर किसी को भी आवाज उठाने नहीं दी जा रही है। देश के संविधान और लोकतंत्र को बचाने में कांग्रेस पीछे नहीं हटेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि जनवरी के मध्य में प्रदेश के सभी 10 लोकसभा क्षेत्रों में कांग्रेस संदेश यात्रा निकाली जाएगी, जिसके माध्यम से राहुल गांधी और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का संदेश जन जन तक पहुंचाया जाएगा।


बुधवार को मैना टूरिस्ट कांप्लेक्स में  आयोजित संयुक्त प्रेस सम्मेलन में कुमारी सैलजा, सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला और पूर्व मंत्री एवं विधायक किरण चौधरी  पत्रकारों के सवालों के जवाब दे रहे थे। कुमारी  सैलजा ने कहा कि कांग्रेस ने इस देश को मजबूत लोकतंत्र दिया था, बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने देश को संविधान दिया पर केंद्र की सरकार ने दोनो पर हमला बोला हुआ है। ऐसे में कांग्रेस संदेश यात्रा के माध्यम से मौजूदा परिस्थितियों के बारे में जनता को जागरूक किया जाएगा। भारत जोड़ो यात्रा में जो संदेश राहुल गांधी ने दिया था उसे जनता तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा में आज लोगों को धर्म और जाति में बांटने की राजनीति चल रही है जिसे किसी भी सूरत में कामयाब नहीं होने दिया जाएगा। प्रदेश की जनता एकजुट है और कांग्रेस 36 बिरादरियों को एक साथ रखेगी। उन्होंने कहा कि महंगाई आसमान पर है और बेरोजगारी रिकॉर्ड तोड़ रही है, छोटा काम तक नहीं हो पा रहा है और न ही सरकार कोई भर्ती कर रही है। भाजपा ने प्रतिवर्ष दो करोड़ लोगों को नौकरी देने का वादा किया था, उसका क्या रहा। सरकार ने सभी को पकोड़े बनाने पर मजबूर कर दिया है। हालात ऐसे है कि लोगों को जीना ही दुश्वार हो गया है। उन्होंने कहा कि ओबीसी के नाम पर सभी राजनीति करते है पर उनके बारे में कोई नहीं सोचता जब राहुल गांधी ने ओबीसी जनगणना की बात उठाई तो भाजपा पीछे हटने लगी। आज सरकारी संपत्ति बेची जा रही है जबकि आम लोगों को उनका हिस्सा मिलना चाहिए।



सच्चे कांग्रेस के सिपाही ही लड़ाई लड़ेंगे


कांग्रेस संदेश यात्रा में पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के शामिल होने के सवाल पर सैलजा ने कहा कि सभी कांग्रेस जनों को न्योता भेजा जाएगा और सभी कांग्रेसजनों को इसमें शामिल होना चाहिए। सच्चे कांग्रेस के सिपाही ही लड़ाई लड़ेगे। कही न कही यह भी देखना पड़ेगा कि अगर हम एक हाथ से तो बीजेपी के साथ हाथ मिलाए हो और दूसरी ओर कहे कि हम कांग्रेस और लोगों की लड़ाई लड़े। ऐसा नहीं हो सकता, हमें देखना होगा कि कौन भाजपा के साथ हाथ मिला रहा है।



हुड्डा नहीं है सीएम के दावेदार


पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के सीएम का दावेदार होने के सवाल पर सैलजा ने कहा कि जो लोग उनके समर्थक है उन्हें बना देते है सब नेताओं के समर्थक उन्हें सीएम ही बनाते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी की परंपरा रही है चुनाव जीतने के बाद ही सीएम के नाम की घोषणा होती है। हां अगर कोई सीटिंग सीएम है तो वह पार्टी को लीड जरूर करता है।



संगठन न बनाने का मलाल मन में हैं


कांग्रेस संगठन का गठन न होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वे अध्यक्ष रहते हुए संगठन नहीं बना पाई इस बात का मलाल मन में जरूर है। कुछ लोग है जिनके पास पद है पर न जाने कितने कार्यकर्ता है जिन्हें पहचान नहीं मिली। फिर भी कांग्रेस के साथ जुड़े हुए है।




सैलजा बोली: विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा


विधानसभा का चुनाव लड़ने के सवाल पर कुमारी सैलजा ने कहा कि उनकी इच्छा विधानसभा चुनाव लड़ने की है। हालांकि जो पार्टी फैसला करेगी, वहीं सर्वमान्य होगा। अगर पार्टी लोकसभा का कहेगी तो लोकसभा चुनाव लड़ेंगी। भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा प्रदेश में 04 डिप्टी सीएम बनाने के बयान पर कहा कि पार्टी किसी के घर की बापोती नहीं हैं। यह नहीं हो सकता, पार्टी फैसला करती है। जो भी बात होती है तो वह हाईकमान निर्णय करती है।




हरियाणा की बेरोजगारी दर देश में सर्वोच्च स्तर पर:रणदीप सुरजेवाला


अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि  सरकार की ओर से संविधान पर और संसद की मर्यादा पर हमला जारी है। मोदी का विपक्ष मुक्त संसद चलाने का स्वप्न लोकतंत्र के लिए घातक होगा। उधर सत्ता हवस की नींव पर बनी हरियाणा की गठबंधन सरकार प्रदेश को दोनों हाथों से लूटने में लगी है। उन्होंने कहा कि 75 सालों में देश में पहली बार 141 सांसद को सस्पेंड किया गया है। संसद में विपक्ष को कोई सवाल पूछने की आजादी नहीं है, देश के संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए आईएनडीआईए गठबंधन की जरूरत पड़ी। उन्होंने कहा कि हरियाणा लोकसेवा आयोग और हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग में हो रहे घोटालों में मुख्यमंत्री प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से जरूर शामिल है। प्रदेश में 47 बार पेपर लीक हुए पर किसी को सजा नहीं मिली। प्रदेश का किसान उत्पीड़न और भेदभाव का शिकार है। दलितों और ओबीसी की अनदेखी की जा रही है और उन पर अत्याचार किया जा रहा है। सत्ता हवस की नींव पर बनी हरियाणा की गठबंधन सरकार प्रदेश को दोनों हाथों से लूटने में लगी है। महिलाओं के प्रति अपराध बढ़ रहा है हर दिन पांच महिलाएं बलात्कार का शिकार हो रही है। प्रदेश और देश की जनता स्वयं को ठगा सा महसूस कर रही है। इस मौके पर पूर्व मंत्री और विधायक किरण चौधरी भी मौजूद थी।



तीन राज्यों में जीत का मतलब संसद पर ताला लगाना नहीं


भाजपा की तीन प्रदेशों में हुई जीत पर रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि प्रजातंत्र में जनमत सबसे बड़ा है। जिसको सभी स्वीकारना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि तीन राज्यों में जीतने का मतलब संसद पर ताला लगाना हो सकता है क्या। अगर एक चुनाव में हम कामयाब हो पाए तो यह मतलब नहीं है कि वे लोगों का प्रहरी बनना बंद कर दे। अगर कांग्रेस का संदेश लोगों तक ले जाने में कोई कमी रही है तो उसको और बेहतर करेंगे तथा लोगों तक पहुंचाएंगे। वहीं कांग्रेस संदेश यात्रा का उद्देश्य भी यही है।




हरियाणा में अपराध और भ्रष्टाचार का बोलबाला:किरण चौधरी


पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस विधायक किरण चौधरी ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने नौ साल के कार्यकाल में अपराध, महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार की सौगात दी है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के विरूद्ध अपराध बढ़े है, हत्या, लूट, डकैती, रंगदारी की घटनाएं बढ़ी है। भाजपा-जजपा सरकार के कार्यकाल में अनेकों घोटाले हुए है पर आज तक किसी पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस मौके पर पूर्व मंत्री सुभाष बत्रा भी मौजूद थे।

0 comments
bottom of page