top of page
  • globalnewsnetin

मोदी की गारंटी पूरे विपक्ष पर भारी: ओम प्रकाश धनखड़


झज्जर: भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि मोदी की गारंटी पर राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की जनता ने मुहर लगाई है। तीनों प्रदेशों की जनता ने कांग्रेस की गारंटी को खारिज कर मोदी के नेतृत्व को स्वीकार किया है। श्री धनखड़ ने कहा कि हर ओर कमल खिल रहा है और विपक्षियों का सूपड़ा साफ हो रहा है। एक अकेला मोदी सब पर भारी पड़ रहा है। मोदी के नेतृत्व में चुनाव परिणामों में भाजपा की पताका शान से लहरा रही है।

श्री धनखड़ ने कहा कि जनता जनार्दन ने तुष्टिकरण, परिवारवाद और भ्रष्टाचार को नकारा है और देश की प्रगति को आगे बढ़ाने के लिए भाजपा पर विश्वास किया है। भाजपा जनता के विश्वास पर खरा उतरेगी । उन्होंने कहा कि मोदी जी का सशक्त नेतृत्व, देश के गृह मंत्री अमितशाह और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जी की कुशल चुनावी रणनीति और देवतुल्य कार्यकर्ताओं की मेहनत का यह सुखद परिणाम आया है।

श्री धनखड़ ने कहा कि हरियाणा के सितारे भी राजस्थान में चमके हैं। राजस्थान विधानसभा चुनाव में तिजारा और कामा विधानसभा सीट से अलवर के सांसद महंत बालक नाथ योगी और नौक्षम चौधरी को चुनाव जीतने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। श्री धनखड़ ने कहा कि तीनों राज्यों से आए चुनाव परिणामों ने स्पष्ट कर दिया है कि 2024 में भी प्रधानमंत्री मोदी तीसरी बार प्रचंड बहुमत से प्रधानमंत्री बनेंगे और हरियाणा में भी तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी।

श्री धनखड़ ने कहा कि देवतुल्य कार्यकर्ता भाजपा की रीढ़ है। कार्यकर्ताओं की बदौलत ही भाजपा लगातार चुनाव जीत रही है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की गरीब कल्याण की योजनाओं ने कमजोर वर्ग को सशक्त बनाया है। आज हर घर में खुशहाली है और लोग आत्मनिर्भर बन रहे हैं। मोदी के नेतृत्व में भाजपा के पास पन्ना प्रमुखों से सुसज्जित सशक्त संगठन की टीम तैयार है। राष्ट्रीय सचिव धनखड ने कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा का सबसे बड़ा मंच है। भाजपा न केवल देश की बल्कि विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है और मजबूत सेवा भाव का संगठन है। आज भारत की विदेशों में अपनी विशेष पहचान बनी है।

0 comments
bottom of page