top of page
  • globalnewsnetin

हरियाणा विधानसभा स्पीकर के रेलवे स्टेशन के नाम को लेकर पत्र पर फिर सियासी घमासान


हरियाणा विधानसभा स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता के चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन के नाम को लेकर केंद्र को लिखे गए पत्र ने एक और सियासी घमासान को जन्म दिया है। इस के विरोध में भी पंजाब के कई सियासी नेता खड़े हो गए हैं। हरियाणा विधानसभा स्पीकर का कहना है कि चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन का नाम हरियाणा बदलना चाहता है। उनकी इस कार्यवाही पर पंजाब के नेता सवाल उठा रहे हैं। हरियाणा विधानसभा स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता ने केंद्र को लेटर लिखा है। इसमें उन्होंने रेलवे स्टेशन का नाम चंडीगढ़-पंचकूला रखे जाने की वकालत की है। उन्होंने पंचकूला के यात्रियों को भी चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन की तरह सुविधाएं देने की मांग की है।

ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि इस रेलवे स्टेशन का नाम चंडीगढ-पंचकूला रेलवे स्टेशन होने से पंचकूला आने वाले यात्रियों को विशेष लाभ होगा। चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर पहुंचने पर पंचकूला जाने वाले यात्री असमंजस में रहते है कि उन्हें पंचकूला के लिए कहां से जाना है। इसी दुविधा में कुछ यात्री कालका रेलवे स्टेशन तक भी पहुंच जाते हैं। इस बारे में कई बार लोग शिकायत कर चुके हैं। अब समय है कि लोगों की मांग पूरी की जाए।

हरियाणा विधानसभा स्पीकर ने बताया कि उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भी बातचीत की है, जिसमें उन्होंने कहा था कि इस संबंध में राज्य सरकार द्वारा एक प्रस्ताव तैयार कर भिजवाया जाए। इसके उपरांत राज्य के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन का नाम चंडीगढ-पंचकूला रेलवे स्टेशन रखने के लिए रेल मंत्रालय को पत्र लिखा है।

ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशन पर पंचकूला की ओर भी 24 घंटे रिजर्वेशन काउंटर बनाना चाहिए। इसके अलावा पंचकूला की ओर वेटिंग लाउंज, पार्किंग व अन्य सभी सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए जो चंडीगढ़ की ओर यात्रियों को दी जा रही है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ-पंचकूला के लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करने के लिए रेलवे लाइन के नीचे से अंडरपास बनाया जाना है।

0 comments
bottom of page